गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज करेगा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास का अभिनंदन

गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज करेगा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास का अभिनंदन

अयोध्या।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में माता अहल्या के मंडप का निर्माण एवं उसमें माता अहल्या के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा हाल ही में सम्पन्न हुई। इस पावन अवसर पर विधिवत पूजन भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किया गया।
माँ अहल्या शिक्षा न्यास, जोधपुर के श्रवण कुमार उपाध्याय ने बताया की देवी अहल्या गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज की आदि गुरु माता हैं। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में माता अहल्या के विग्रह की स्थापना से संपूर्ण गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज में हर्ष एवं गौरव की अनुभूति व्याप्त है।

इसी भाव से प्रेरित होकर गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के प्रति कृतज्ञता एवं अभिनंदन प्रकट करने हेतु एक प्रतिनिधिमंडल को अयोध्या धाम भेजने का निर्णय लिया गया है। इस संदर्भ में , विहिप जोधपुर के सह प्रांत मंत्री महेंद्र उपाध्याय ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष माननीय श्री चम्पत राय जी से भेंट कर सौहार्दपूर्ण वार्तालाप किया तथा उनका अभिनंदन व्यक्त किया।

भेंट के दौरान उपाध्याय ने माननीय श्री चम्पत राय जी से आग्रह किया कि गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल अयोध्या धाम आकर माता अहल्या के दर्शन के साथ-साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास का विधिवत अभिनंदन करना चाहता है। माननीय श्री चम्पत राय जी ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में सामूहिक रूप से अयोध्या पधारकर राम मंदिर परिसर का अवलोकन करे, माता अहल्या के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करे तथा न्यास का अभिनंदन भी सम्पन्न करे।

— जारीकर्ता:
श्रवण कुमार उपाध्याय
माँ अहल्या शिक्षा न्यास, जोधपुर